बेलागंज से राजद प्रत्याशी विश्वनाथ कुमार सिंह ने किया नामांकन
गया लाइव डेस्क। जिले के बेलागंज विधानसभा सीट से राजद प्रत्याशी विश्वनाथ कुमार सिंह ने शुक्रवार को नामांकन दाखिल किया। उन्होंने डीआरडीए कार्यालय परिसर में नामांकन की प्रक्रिया पूरी की। नामांकन के बाद उनके समर्थकों ने फूल-माला पहनाकर जोरदार स्वागत किया और राजद के समर्थन में नारे लगाए।

इस मौके पर राजद प्रत्याशी विश्वनाथ कुमार सिंह ने कहा कि वे शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और रोजगार जैसे मूल मुद्दों को लेकर जनता के बीच जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बीते 20 वर्षों में वर्तमान सरकार ने युवाओं को बेरोजगार करने का कार्य किया है। “कई युवाओं की उम्र रोजगार की दौड़ में पार हो गई है, अब अभिभावकों को यह सोचना होगा कि क्या अपने बच्चों का भी भविष्य यूं ही पार करवा देंगे?”—उन्होंने सवाल उठाया। राजद प्रत्याशी ने आगे कहा कि इस बार जनता रोजगार और व्यापार वाली सरकार बनाने का संकल्प ले चुकी है। उन्होंने विश्वास जताया कि तेजस्वी यादव के नेतृत्व में इस बार बिहार में महागठबंधन की सरकार बनेगी।
