आयुष महिला डॉक्टर प्रकरण पर नीतीश के समर्थन में उतरे जीतनराम मांझी
गया लाइव डेस्क। आयुष विभाग की महिला डॉक्टर के कथित हिजाब खींचे जाने के मामले ने बिहार की राजनीति में हलचल मचा दी है। इस बीच केंद्रीय मंत्री और हम पार्टी के राष्ट्रीय संरक्षक जीतनराम मांझी खुलकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के समर्थन में सामने आए हैं। गया–पटना रोड स्थित एक फर्नीचर दुकान के उद्घाटन के दौरान मीडिया से बातचीत में मांझी ने पूरे विवाद को बेवजह तूल देने की कोशिश बताया।
जीतनराम मांझी ने कहा कि यदि ऐसी हरकत किसी 22 साल के युवक से होती तो समझ में आता, लेकिन 74 साल के अनुभवी और वरिष्ठ नेता नीतीश कुमार को इस नजरिए से देखना गलत है। उन्होंने साफ कहा कि मुख्यमंत्री कोई “22 साल का छोकड़ा” नहीं हैं, बल्कि उम्र और अनुभव के उस पड़ाव पर हैं जहां उनके हर कदम को अभिभावक की तरह देखा जाना चाहिए।
मांझी ने तर्क दिया कि आयुष विभाग में ज्वाइन करने जा रही महिला डॉक्टर को एक अभिभावक की तरह टोका जाना गलत नहीं है। उन्होंने कहा कि डॉक्टर जब मरीजों के सामने जाएगी तो उसकी पेशेवर छवि भी मायने रखती है। केंद्रीय मंत्री ने आरोप लगाया कि कुछ लोग जानबूझकर इस मुद्दे को सांप्रदायिक रंग देकर राजनीति करना चाहते हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि खुद महिला डॉक्टर ने स्पष्ट किया है कि मुख्यमंत्री की मंशा गलत नहीं थी और वह आयुष विभाग में ज्वाइन करने जा रही हैं। जीतनराम मांझी ने अपील की कि महिला डॉक्टर राजनीति से दूर रहकर निडर होकर अपनी सेवा शुरू करें।
