बंगाल में बीजेपी की प्रचंड जीत पर गयाजी में जश्न, बच्चू यादव बोले- जनता ने विकास मॉडल पर लगाई मुहर
गया लाइव डेस्क। पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी की प्रचंड जीत के बाद देशभर के भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। गयाजी में भी बीजेपी नेताओं और समर्थकों ने खुशी जताते हुए एक-दूसरे को बधाई दी। भाजपा नेता सह पूर्व डिप्टी मेयर जितेन्द्र कुमार यादव उर्फ बच्चू यादव ने इस जीत को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और विकास की राजनीति की जीत बताया।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व तथा पश्चिम बंगाल के समर्पित कार्यकर्ताओं को इस ऐतिहासिक जीत के लिए शुभकामनाएं दीं। बच्चू यादव ने कहा कि बंगाल की जनता ने वर्षों बाद परिवर्तन के पक्ष में मतदान कर विकास और सुशासन की राह चुनी है। जनता ने यह स्पष्ट कर दिया है कि अब वह भ्रष्टाचार, हिंसा और तुष्टिकरण की राजनीति नहीं, बल्कि विकास, रोजगार और मजबूत प्रशासन चाहती है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से विकास कर रहा है और उसी विकास मॉडल पर भरोसा जताते हुए बंगाल की जनता ने भाजपा को समर्थन दिया है। उन्होंने विश्वास जताया कि पश्चिम बंगाल में अब डबल इंजन की सरकार बनने से राज्य में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी। उद्योग, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में बड़े बदलाव देखने को मिलेंगे।
बच्चू यादव ने कहा कि बंगाल की जीत केवल एक राजनीतिक सफलता नहीं, बल्कि देश में राष्ट्रवाद और विकास की सोच की जीत है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता लगातार जनता के बीच रहकर काम कर रहे हैं और उसी मेहनत का परिणाम आज सामने आया है। गयाजी में भी भाजपा समर्थकों ने इस अवसर पर मिठाइयां बांटकर और एक-दूसरे को बधाई देकर खुशी मनाई।
