‘जिंदा डॉक्टर को सोशल मीडिया पर मार दिया’, फर्जी मौत की खबर से मचा हड़कंप; साइबर थाने पहुंचा मामला
गया लाइव डेस्क। सोशल मीडिया पर बिना सत्यापन खबरें प्रसारित करने का एक चौंकाने वाला मामला गया में सामने आया है। अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल के सेवानिवृत्त प्राचार्य एवं शहर के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. विनोद कुमार सिंह ने आरोप लगाया है कि “गोह मीडिया न्यूज” नामक फेसबुक पेज ने उनकी मौत की झूठी खबर प्रसारित कर दी। खबर वायरल होते ही शहर से लेकर देश-विदेश में रहने वाले उनके रिश्तेदारों, मरीजों और शुभचिंतकों के बीच हड़कंप मच गया। मामले को लेकर उन्होंने साइबर थाना एवं वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) को आवेदन देकर दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। डॉ. सिंह ने अपने आवेदन में कहा है कि वे गया शहर में एसएसपी आवास के सामने स्थित मांडवी ट्रॉमा सेंटर का संचालन करते हैं। उनके अनुसार, फर्जी खबर प्रसारित होने के बाद लगातार शोक संदेश और फोन आने लगे। कई परिचितों ने उन्हें मृत समझकर परिजनों से संपर्क किया, जबकि अनेक लोग उनकी कुशलक्षेम जानने सीधे उनके आवास और नर्सिंग होम पहुंच गए। इससे परिवार के सदस्यों में भारी अफरातफरी और मानसिक तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। आवेदन में डॉ. सिंह ने कहा है कि बिना किसी सत्यापन के किसी जीवित व्यक्ति को मृत घोषित कर समाचार प्रसारित करना उनकी चार दशक से अधिक की चिकित्सकीय एवं सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने वाला कृत्य है। उनका कहना है कि इस घटना से मरीजों और आम लोगों के बीच भ्रम की स्थिति पैदा हुई तथा नर्सिंग होम की विश्वसनीयता भी प्रभावित होने की आशंका बनी। उन्होंने साइबर पुलिस से पूरे मामले की गहन जांच कर संबंधित फेसबुक पेज के संचालक, एडमिन और फर्जी खबर के निर्माण एवं प्रसारण में शामिल सभी लोगों की पहचान करने की मांग की है। साथ ही भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (आईटी एक्ट) एवं अन्य प्रासंगिक कानूनी प्रावधानों के तहत प्राथमिकी दर्ज कर कड़ी कार्रवाई करने, फर्जी पोस्ट एवं वीडियो हटवाने तथा डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित रखने का अनुरोध किया है।
