जनता के दिलों में आज भी जिंदा हैं बिंदी यादव: छठी पुण्यतिथि पर उमड़ा जनसैलाब, भावुक हुईं विधायक मनोरमा देवी
गया लाइव डेस्क। गयाजी जिला परिषद अध्यक्ष एवं जनप्रिय समाजसेवी स्वर्गीय बिंदेश्वरी प्रसाद यादव उर्फ बिंदी यादव की छठी पुण्यतिथि पर गुरुवार को गया जिला परिषद कार्यालय परिसर श्रद्धा, सम्मान और भावनाओं का केंद्र बन गया। उनकी आदमकद प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करने के लिए बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, समर्थक और विभिन्न जिलों से आए लोगों का जनसैलाब उमड़ पड़ा।
श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने बिंदी यादव के जनसेवा, सामाजिक सरोकार और गरीबों के प्रति उनके समर्पण को याद करते हुए उन्हें जनता का सच्चा नेता बताया। इस अवसर पर उनकी पत्नी एवं बेलागंज की विधायक मनोरमा देवी ने प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए वह भावुक हो गईं। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय बिंदी यादव का पूरा जीवन समाज और जरूरतमंद लोगों की सेवा के लिए समर्पित रहा। उन्होंने कभी राजनीति को पद या प्रतिष्ठा का माध्यम नहीं बनाया, बल्कि जनता की सेवा को ही अपना सबसे बड़ा धर्म माना। उन्होंने कहा कि आज भी लोग जिस स्नेह और सम्मान के साथ उन्हें याद कर रहे हैं, वही उनकी सबसे बड़ी पूंजी है।
विधायक मनोरमा देवी ने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान उनके पति का असामयिक निधन पूरे परिवार और क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति थी। उस कठिन समय में जनता ने जिस तरह उनका साथ दिया, उसे वह कभी नहीं भूल सकतीं। उन्होंने कहा कि आज उन्हें जो भी सम्मान और जिम्मेदारी मिली है, उसमें स्वर्गीय बिंदी यादव के संघर्ष, जनता के विश्वास और उनके आशीर्वाद की सबसे बड़ी भूमिका है। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि उनकी आत्मा को शांति मिले और वे अपने परिवार, समर्थकों तथा क्षेत्र की जनता पर हमेशा अपना आशीर्वाद बनाए रखें।
श्रद्धांजलि सभा में मौजूद वक्ताओं ने कहा कि बिंदी यादव हमेशा गरीब, कमजोर और जरूरतमंद लोगों की आवाज बने रहे। कोरोना काल में उन्होंने हजारों लोगों की मदद कर मानवता की मिसाल पेश की। उनका व्यवहार, सादगी और जनता के प्रति समर्पण उन्हें अन्य नेताओं से अलग पहचान दिलाता था। लोगों ने कहा कि उनके दिखाए रास्ते पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
कार्यक्रम में स्वर्गीय बिंदी यादव के पुत्र रॉकी यादव और जैकी यादव ने भी अपने पिता की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उनका आशीर्वाद लिया। इस दौरान जिला परिषद अध्यक्ष नैना कुमारी, उपाध्यक्ष शीतल यादव सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और विभिन्न जिलों से आए समर्थक मौजूद रहे। सभी ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की।
श्रद्धांजलि सभा में एक ही संदेश गूंजता रहा कि बिंदी यादव भले ही आज इस दुनिया में नहीं हैं, लेकिन उनके द्वारा किए गए जनकल्याण के कार्य, उनकी सादगी और जनता के प्रति समर्पण उन्हें हमेशा लोगों के दिलों में जीवित रखेंगे। कार्यक्रम का समापन समाज सेवा और जनहित के कार्यों को आगे बढ़ाने के संकल्प के साथ हुआ।
