पटना पुलिस ने जारी की 60 उपद्रवियों की तस्वीरें, पहचान बताने वालों से मांगा सहयोग
गया लाइव डेस्क। पटना पुलिस ने 22 जुलाई को गांधी मैदान और आयकर गोलंबर क्षेत्र में हुए प्रदर्शन के दौरान उपद्रव और हिंसा में शामिल होने के आरोपित 60 संदिग्धों की तस्वीरें सार्वजनिक की हैं। पुलिस ने आम लोगों से इनकी पहचान करने में सहयोग की अपील करते हुए सूचना देने के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं।



वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्यालय की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान कुछ उपद्रवी तत्वों ने पुलिस बल पर हमला किया, पुलिस वाहनों एवं अन्य सार्वजनिक संपत्ति को क्षतिग्रस्त किया। इसके अलावा आम नागरिकों और मीडिया कर्मियों पर भी लाठी, डंडे तथा ईंट-पत्थरों से हमला किए जाने का आरोप है।



पटना पुलिस ने बताया कि सोशल मीडिया और उपलब्ध वीडियो-फुटेज के आधार पर संदिग्ध उपद्रवियों की पहचान की जा रही है। इसी क्रम में 60 लोगों की तस्वीरें जारी की गई हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि वे जारी तस्वीरों में शामिल किसी व्यक्ति की पहचान कर सकते हैं तो फोटो के क्रमांक का उल्लेख करते हुए सूचना दें, ताकि संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जा सके।




सूचना देने के लिए पटना पुलिस ने **0612-2217000** और **9939919191** हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। पुलिस ने आश्वस्त किया है कि प्राप्त सूचनाओं के आधार पर जांच कर दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
