गयाबिहार

तंबाकू खाने वालों के लिए सुनहरा मौका: 26 जुलाई को सिर एवं गला कैंसर की होगी मुफ्त जांच

गया लाइव डेस्क। विश्व सिर एवं गला कैंसर दिवस-2026 के अवसर पर भारतीय चिकित्सा संघ (आईएमए) गया शाखा की ओर से 26 जुलाई (रविवार) को आईएमए भवन, गया में नि:शुल्क **सिर एवं गला कैंसर जागरूकता एवं जांच शिविर** आयोजित किया जाएगा। सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक चलने वाले इस शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा लोगों की जांच की जाएगी तथा कैंसर के शुरुआती लक्षणों, बचाव और उपचार के बारे में जानकारी दी जाएगी। आईएमए गया के अध्यक्ष डॉ. विश्व विजय सिंह और सचिव डॉ. विमलेंद्र विमल ने प्रेस वार्ता में बताया कि यह अभियान भारतीय चिकित्सा संघ, नई दिल्ली के आह्वान पर आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सिर एवं गला कैंसर की शुरुआती पहचान होने पर इसका उपचार अधिक प्रभावी और सफल हो सकता है। इसलिए लोगों को किसी भी लक्षण को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। चिकित्सकों ने बताया कि तंबाकू, गुटखा, पान मसाला, धूम्रपान और शराब का सेवन करने वाले लोगों में सिर एवं गला कैंसर का खतरा अधिक रहता है। यदि मुंह में लंबे समय तक छाले बने रहें, आवाज बैठ जाए, निगलने में परेशानी हो, गर्दन में गांठ महसूस हो या लगातार गले में दर्द बना रहे तो तुरंत विशेषज्ञ से जांच करानी चाहिए। आईएमए पदाधिकारियों ने लोगों से 26 जुलाई को आयोजित इस नि:शुल्क जांच शिविर का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। साथ ही उन्होंने लोगों से अपने परिवार, मित्रों और परिचितों, विशेषकर तंबाकू सेवन करने वालों को भी जांच के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि जागरूकता और समय पर जांच ही इस गंभीर बीमारी से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है। प्रेस वार्ता में आईएमए के पूर्व अध्यक्ष डॉ. अशोक कुमार सिंह, डॉ. डी.के. सहाय तथा कोषाध्यक्ष ऋषिकेश कुमार ने भी सिर एवं गला कैंसर की रोकथाम, जागरूकता और नियमित जांच की आवश्यकता पर अपने विचार रखे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *