फतेहपुर में महिला पर जानलेवा हमला, दो आरोपी गिरफ्तार
गया लाइव डेस्क। गया जिले के फतेहपुर थाना क्षेत्र में हत्या के प्रयास के एक मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवकों की पहचान छोटू कुमार और इंद्रदेव यादव के रूप में हुई है। दोनों आरोपी फतेहपुर के ही निवासी बताए जाते हैं।
घटना 25 सितंबर की है, जब पीड़िता अपने घर के पास बर्तन साफ कर रही थी। इसी दौरान दोनों आरोपी वहाँ पहुँचे और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने लाठी-डंडे से उस पर हमला कर दिया, जिसमें पीड़िता गंभीर रूप से घायल हो गई।
पीड़िता के परिजनों की शिकायत पर फतेहपुर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी की और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
