स्वर्णकार संघ का शपथ ग्रहण, 22 राज्यों से पहुंचे प्रतिनिधि

गया। बोधगया के होटल महामाया पैलेस के सभागार में शनिवार को अखिल भारतीय स्वर्णकार संघ की बैठक सह शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन बिहार विधान परिषद सदस्य जीवन कुमार, पूर्व राज्यसभा सदस्य कैलाश सोनी, संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष यशपाल चौहान, पूर्व अध्यक्ष बहादुर सिंह वर्मा, बिहार के कार्यकारी अध्यक्ष पप्पू ठाकुर, उत्तर प्रदेश के रवि सर्राफ, बिहार प्रदेश उपाध्यक्ष सह बोधगया होटल एसोसिएशन के महासचिव सुदामा कुमार, गया जिलाध्यक्ष अशोक स्वर्णकार और जिला संयोजक नवीन वर्मा ने दीप प्रज्वलित कर किया।
कार्यक्रम की शुरुआत में राष्ट्रीय अध्यक्ष यशपाल चौहान ने समाज के प्रतीक पीले और सफेद रंग के झंडे का ध्वजारोहण किया। पीला रंग सोने और सफेद रंग चांदी का प्रतीक है। इस आयोजन में देश के 22 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों से स्वर्णकार समाज के प्रतिनिधि शामिल हुए।
समारोह में स्वर्णकार समाज के विकास, पुश्तैनी व्यवसाय और असुरक्षा के मुद्दों पर चर्चा हुई। समाज के सर्वांगीण विकास के लिए कई सुझाव भी दिए गए। राष्ट्रीय अध्यक्ष यशपाल चौहान ने स्वर्णकार समाज की स्थिति पर विस्तार से जानकारी दी। विधान परिषद सदस्य सह संघ के राष्ट्रीय महासचिव जीवन कुमार, पूर्व राज्यसभा सदस्य कैलाश सोनी, टिहरी गढ़वाल से विधायक प्रीतम पवार, बिहार के कार्यकारी अध्यक्ष पप्पू जी प्रेम, सुरेश शाह, शम्भु कुमार, मगध प्रमंडलीय अध्यक्ष जवाहर प्रसाद, गया जिलाध्यक्ष अशोक स्वर्णकार, कार्यकारिणी सदस्य राजकुमार राजू, सक्रिय सदस्य सुनील कुमार, बोधगया के अर्जुन स्वर्णकार और दिलीप वर्मा ने भी अपने विचार रखे।
इस मौके पर बिहार प्रदेश उपाध्यक्ष सुदामा कुमार ने कहा कि सरकार ने आई पी सी की धारा 411 और 412 जैसे कानून बनाए हैं। इनके तहत अगर कोई व्यक्ति सुनार के पास कोई सामान बेचता है और वह चोरी का निकलता है तो दुकानदार को दोषी ठहराया जाता है। यह न्यायसंगत नहीं है। क्योंकि कोई भी विक्रेता अपने गहनों को चोरी का बताकर नहीं बेचता। ऐसे में दुकानदार को दोषी ठहराना गलत है। उन्होंने इस कानून को स्वर्णकार समाज के व्यवसाय के लिए नुकसानदायक बताया। साथ ही पिछड़े और आर्थिक रूप से कमजोर स्वर्णकार समाज के बच्चों को छात्रवृत्ति देने की मांग भी उठाई।
कार्यक्रम में अखिल भारतीय स्वर्णकार संघ के नवनिर्वाचित अध्यक्ष यशपाल चौहान सहित सभी नवनिर्वाचित सदस्यों को शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर सुदामा कुमार को बिहार प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। उन्होंने समाज के उत्थान के लिए हर संभव प्रयास करने का संकल्प लिया।