Uncategorized

“I Love Mohammad” पोस्टर से गया शहर में गूंजा सौहार्द का संदेश

गया लाइव डेस्क। उत्तर प्रदेश में “I Love Mohammad” पोस्टर को लेकर मचे बवाल के बीच बिहार का गया शहर एक अलग ही तस्वीर पेश कर रहा है। यहां मुख्य सड़कों और मोहल्लों में लगे ऐसे पोस्टर विवाद का कारण नहीं, बल्कि आपसी भाईचारे और साम्प्रदायिक सौहार्द का संदेश दे रहे हैं।


गया–पटना मुख्य सड़क मार्ग और पंचायती अखाड़ा मोहल्ला के कई स्थानों पर हाल के दिनों में “I Love Mohammad” के बैनर लगाए गए हैं। यूपी में जहां इस पोस्टर को लेकर गिरफ्तारी और मुकदमे दर्ज हुए, वहीं गया की गलियों में यह पोस्टर अमन-चैन का प्रतीक बन गया है।


“अगर मोहम्मद से मोहब्बत गुनाह है तो हर मुसलमान को यह गुनाह करना चाहिए”

गया कर्बला के खादिम सैयद शब्बीर शाह आलम ने कहा कि उत्तर प्रदेश में इस नारे पर कार्रवाई निंदनीय है।

उन्होंने कहा “कानपुर में कुछ नौजवानों पर सिर्फ इतना लिखने पर कार्रवाई हुई कि ‘I Love Mohammad’। यह समझ से परे है। मोहम्मद साहब पूरी दुनिया के लिए रहमत बनकर आए थे। अगर उनसे मोहब्बत जताना गुनाह है, तो हर मुसलमान को यह गुनाह करते रहना चाहिए।”

त्योहारों में रहा है भाईचारे का रंग

सैयद शब्बीर शाह आलम ने बताया कि गया जैसे शहरों में हमेशा अमन और एकता की परंपरा रही है।

“हमारे यहां दीपावली, होली, ईद, शबे-बारात सभी पर्व मिलजुल कर मनाए जाते हैं। दशहरा के मौके पर भी हिंदू और मुसलमान एक-दूसरे के साथ शामिल होते हैं। कभी यहां नफरत की दीवार नहीं खड़ी हुई। फिर ऐसे नारों को सियासत का रंग देकर नौजवानों पर लाठियां बरसाना गलत है।”

नफरत नहीं, मोहब्बत का पैगाम

उन्होंने कहा कि मोहम्मद साहब की जिंदगी इंसानियत और मोहब्बत का पैगाम देती है। उन पर दुनिया भर में रिसर्च और किताबें लिखी गईं, जबकि किसी और शख्सियत पर इतनी गहराई से काम नहीं हुआ।

“हमारे मुल्क की असली ताकत अमन और मोहब्बत है। हर धर्म को यहां आजादी है। मोहब्बत दिखाने को अपराध कहना या इसे राजनीति का रंग देना देशहित में नहीं है।”

गया का उदाहरण

जहां यूपी में “I Love Mohammad” पोस्टर विवाद का कारण बना, वहीं गया शहर ने इस पोस्टर को एक इबादत और इश्क़ का इज़हार मानते हुए इसे सौहार्द का प्रतीक बना दिया है।

गया की सड़कों पर लगे बैनर मानो यह संदेश दे रहे हैं कि “धर्म मोहब्बत सिखाता है, नफरत नहीं।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *