Uncategorized

अतरी में हम पार्टी का कार्यकर्ता सम्मेलन, विपक्ष पर बरसे संभावित प्रत्याशी रोमित कुमार

गयाजी (अंजनी वर्मा)। अतरी विधानसभा क्षेत्र में हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेकुलर) की ओर से कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में झकझोर-झूमर सांस्कृतिक कार्यक्रम ने कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया। इस मौके पर हम पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं अतरी विधानसभा से संभावित प्रत्याशी रोमित कुमार ने सभा को संबोधित करते हुए विपक्ष पर जमकर निशाना साधा।

रोमित कुमार ने कहा कि अतरी की जनता अब उन ताकतों से आज़ाद होने के लिए बेताब है जिन्होंने वर्षों तक विकास के रास्ते को रोके रखा। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की तारीफ करते हुए कहा कि उनकी सरकार ने विकास की धारा को आगे बढ़ाया है। वहीं, लालू प्रसाद यादव पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि 15 वर्षों तक सत्ता में रहने के बावजूद उन्होंने जनता के लिए कुछ नहीं किया। अब जनता को ‘लाल’ के चक्कर में नहीं पड़ना चाहिए।

उन्होंने कहा कि गरीबों के अधिकार की असली लड़ाई हम पार्टी के संरक्षक एवं केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने शुरू की है। रोमित कुमार ने भरोसा दिलाया कि अगर बिहार में हम पार्टी को अधिक सीटों पर विजय मिलती है, तो जनता की आकांक्षाओं को पूरा किया जाएगा।

उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि जिस प्रकार मांझी जी ने पेंशन योजना को आगे बढ़ाया है, भविष्य में भी इसी तरह गरीबों और वंचितों के हित में बड़े फैसले लिए जाएंगे। उन्होंने आश्वासन दिया कि अगर हम पार्टी को और मजबूती मिली, तो वर्तमान 1100 रुपये की पेंशन राशि बढ़ाकर 2000 रुपये कर दी जाएगी।

कार्यकर्ता सम्मेलन में भारी संख्या में लोगों की उपस्थिति ने माहौल को जोशीला बना दिया। इस दौरान वक्ताओं ने एक सुर में कहा कि अब समय आ गया है कि अतरी की जनता बदलाव लाकर हम पार्टी को सशक्त बनाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *