गयाजी में गांधी व शास्त्री जयंती पर सर्वधर्म प्रार्थना सभा का आयोजन
गयाजी (आकाश रौशन)। राष्ट्रपि
ता महात्मा गांधी एवं भारत के पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर गया के गांधी मैदान स्थित गांधी मंडप में जिला प्रशासन की ओर से सर्वधर्म प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में मगध प्रमंडल की आयुक्त सफ़ीना ए.एन. उपस्थित रहीं। जिला पदाधिकारी गया शशांक शुभंकर, अपर समाहर्ता राजस्व, अपर समाहर्ता आपदा, जिला अल्पसंख्यक कल्याण पदाधिकारी, जिला जनसम्पर्क पदाधिकारी समेत समाहरणालय के वरीय पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं समाजसेवी बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल हुए।

कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की समाधि स्थल पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके बाद गांधी मंडप जाकर महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया।

सर्वधर्म प्रार्थना सभा में विभिन्न धर्मगुरुओं ने शांति और एकता का संदेश दिया। अविनाश चंद्र झा ने गीता पाठ किया, पनहर मस्जिद के मोहम्मद अजमातुल्लाह नदवीं ने कुरआन शरीफ का पाठ किया, गुरुद्वारा गया के ज्ञानी दयाल सिंह ने भजन प्रस्तुत किया, महाबोधि मंदिर के भिकु धर्मेंद्र ने भगवान बुद्ध के उपदेशों पर प्रकाश डाला तथा गांधी मैदान चर्च की अंजली प्रधान ने बाइबल का पाठ किया।

इसके साथ ही समाहरणालय परिसर में स्थापित महात्मा गांधी एवं लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की प्रतिमा पर भी जिला पदाधिकारी सहित वरीय अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों ने माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। यह आयोजन गया में सर्वधर्म समभाव और राष्ट्रीय एकता का अद्भुत उदाहरण बना।
