Uncategorized

गया में शांतिपूर्ण माहौल में हुआ दुर्गा प्रतिमा विसर्जन, डीएम-एसएसपी रहे देर रात तक मौजूद

गयाजी(आकाश रौशन)। नवरात्र के अवसर पर परंपरागत रीति के अनुसार शहर के उत्तरी क्षेत्र की पांच लाइसेंसी दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन दुखहरनी मंदिर द्वार से कराया गया। सुरक्षा के व्यापक इंतज़ाम और प्रशासनिक सतर्कता के बीच यह कार्यक्रम देर रात 01:40 बजे तक शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

इस दौरान जिला पदाधिकारी गया शशांक शुभंकर और वरीय पुलिस अधीक्षक आनंद कुमार स्वयं मौके पर मौजूद रहे और लगातार स्थिति पर निगरानी बनाए रखी। डीएम की मौजूदगी से अधीनस्थ पदाधिकारियों और सुरक्षाकर्मियों में खासा उत्साह देखा गया। प्रतिमा पास कराने के क्रम में जिलाधिकारी बार-बार स्थल पर जाकर अधिकारियों और सुरक्षाकर्मियों का मनोबल बढ़ाते रहे।

कार्यक्रम में अपर समाहर्ता राजस्व, अपर समाहर्ता विधि व्यवस्था, जिला अल्पसंख्यक कल्याण पदाधिकारी, नगर पुलिस अधीक्षक, नगर पुलिस उपाधीक्षक, सदर अनुमंडल पदाधिकारी, कोतवाली थाना के पदाधिकारी-कर्मी समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल के जवान तैनात थे।


विसर्जन के मौके पर सामाजिक कार्यकर्ताओं और मुस्लिम समुदाय के कई गणमान्य नागरिक भी मौजूद रहे, जिनमें मोती करीमी, कमांडर जी, मणिलाल बारीक, अनिल स्वामी, अनंत धीश अमन, जितेंद्र कुमार, धर्मेंद्र कुमार उर्फ टिबलु सिंह, इकबाल हुसैन, आमिर सोहैल, अंकुश बग्गा सहित अन्य लोग शामिल थे। पूजा पंडालों के वोलेंटियर्स ने भी सक्रिय भूमिका निभाई।

जानकारी हो कि दुखहरनी मंदिर, तुतबाड़ी, नई गोदाम, गोल पत्थर और झीलगंज में स्थापित पांच लाइसेंसी दुर्गा प्रतिमाएं हर साल परंपरा के अनुसार दुखहरनी मंदिर द्वार से पास कराई जाती हैं।


कार्यक्रम के सफल और शांतिपूर्ण संपन्न होने पर अंत में शांति समिति एवं स्थानीय नागरिकों ने जिला पदाधिकारी और वरीय पुलिस अधीक्षक को सम्मानित किया। डीएम ने विसर्जन में शामिल पदाधिकारियों, पुलिस बल, समाजसेवियों और स्थानीय लोगों को धन्यवाद देते हुए सामाजिक सद्भाव बनाए रखने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *