गया में दुर्गा पंडाल में युवक की गोली मारकर हत्या, बहन की गोद में तोड़ा दम
गयाजी (आकाश रौशन)। गया जिले में दुर्गा पूजा पंडाल के पास डांस कर रहे एक युवक की अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के भुसुंडा में देर रात लगभग 2 बजे की है। मृतक की पहचान 19 वर्षीय रोहित कुमार के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, रोहित अपने दोस्तों के साथ घर के पास लगे पूजा पंडाल में डांस कर रहा था, तभी अपराधियों ने उस पर गोली चला दी। गोली सीधे रोहित के सीने में लगी और वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। गोलीबारी के बाद अपराधी मौके से भाग निकले, लेकिन जल्दबाजी में अपनी बाइक छोड़ गए, जिसे स्थानीय लोगों ने बाद में क्षतिग्रस्त कर दिया।
गोली लगने की खबर सुनकर आस-पास के लोग जुट गए। इस बीच रोहित की बहन प्रियंका शेखर भी मौके पर पहुंचीं और घायल भाई का सिर अपनी गोद में लेकर उसे अस्पताल ले जाने की गुहार लगाने लगीं, लेकिन तब तक रोहित ने दम तोड़ दिया।
परिजनों ने मोहल्ले के ही रहने वाले मोहित कुमार पर हत्या का आरोप लगाया है। सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है।
मुफस्सिल थाने की पुलिस ने बताया कि घटनास्थल से अपराधियों की एक बाइक जब्त की गई है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। गौरतलब है कि मात्र दो दिनों के भीतर गया जिले में तीन हत्याओं की वारदात हो चुकी है, जिससे लोगों में दहशत का माहौल है।
