गयाजी में ब्रह्मवन के कर्मचारी की पीट-पीटकर हत्या, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया सड़क जाम
गया लाइव डेस्क। गया जी के बोधगया बाईपास स्थित बिपार्ड के समीप ब्रह्मवन में गुरुवार की शाम अज्ञात अपराधियों ने कर्मचारी की पीट-पीटकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान घुटिया गांव निवासी दीपक कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
हत्या की सूचना मिलते ही आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने गया–बोधगया मुख्य सड़क मार्ग को सिकड़िया मोड़ के पास जाम कर दिया। लोग अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे। सड़क जाम हटाने के लिए मगध मेडिकल थाना और रामपुर थाना की पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
विजयादशमी पर हुआ विवाद
बताया जा रहा है कि विजयादशमी के दिन ब्रह्मवन में कुछ लोग घूमने आए थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर मृतक दीपक कुमार के साथ विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि अपराधियों ने उसे बेरहमी से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया और मौके से फरार हो गए।
पुलिस की कार्रवाई
घटना की जानकारी मिलते ही मगध मेडिकल थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया। पुलिस आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है और हर बिंदु पर जांच में जुटी है। थाने की पुलिस ने बताया कि अपराधियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
