गयाजी : गांधी जयंती पर SSB ने चलाया वृहद स्वच्छता अभियान
गयाजी(आकाश रौशन)। महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर एसएसबी 29वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल के कमांडेंट मधुकर अमिताभ के दिशा-निर्देशन में क्षेत्रक मुख्यालय (विशेष प्रचालन) एवं 29वीं वाहिनी SSB गया के अधिकारी, अधीनस्थ अधिकारी एवं बलकार्मिकों ने महाबोधि मंदिर परिसर व उसके आसपास वृहद स्तर पर स्वच्छता अभियान चलाया। यह कार्यक्रम “स्वच्छता ही सेवा” थीम के अंतर्गत “एक दिन, एक घंटा, एक साथ” स्वैच्छिक श्रमदान कार्यक्रम के रूप में आयोजित किया गया। इस अभियान में सशस्त्र सीमा बल के जवानों ने एक घंटे तक स्वच्छता के लिए श्रमदान कर आसपास के क्षेत्रों को साफ-सुथरा बनाया।
इस पहल का उद्देश्य नागरिकों को स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराना, प्राकृतिक संसाधनों (सतही जल, भूजल एवं मिट्टी) की रक्षा करना, सामुदायिक भागीदारी को बढ़ावा देना, ठोस कचरे का प्रबंधन करना और भारत की स्वच्छ व स्वस्थ छवि को वैश्विक स्तर पर मजबूत करना था। बलकार्मिकों ने ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को जोड़कर पुराने कचरे की सफाई, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और स्वच्छता की आदतों को अपनाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर आशीष कुमार, उप कमांडेंट, 29वीं वाहिनी SSB गया के साथ क्षेत्रक मुख्यालय (वि.प्र.) एवं 29वीं वाहिनी के अधिकारीगण, अधीनस्थ अधिकारी और बलकार्मिक उपस्थित रहे और सक्रिय रूप से अभियान में भाग लिया।
