गयाजी में नामांकन केंद्र के बाहर ही उड़ी आदर्श आचार संहिता की धज्जियां
गया में आचार संहिता की उड़ती धज्जियां, नामांकन केंद्र के बाहर समर्थकों ने मचाया शोर
गया (बिहार): सोमवार को बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के नामांकन के अंतिम दिन गया शहर में आदर्श आचार संहिता की जमकर धज्जियां उड़ती नजर आईं। नामांकन को लेकर जहां प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम और निषेधाज्ञा (धारा 144) लागू की थी, वहीं कई प्रत्याशियों के समर्थकों ने नियमों की खुलेआम अनदेखी की।
जानकारी के मुताबिक, एक विशेष प्रत्याशी के समर्थकों ने नामांकन केंद्र के बाहर पूरी सड़क पर कब्जा जमा लिया था। भीड़ इतनी अधिक थी कि आम जनों के लिए आवाजाही लगभग ठप हो गई। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद तो रहे, लेकिन हालात पर काबू पाने में नाकाम दिखाई दिए।
इतना ही नहीं, नामांकन केंद्र के बाहर समर्थकों ने जमकर नारेबाजी भी की। समर्थक अपने प्रत्याशी के समर्थन में झंडे, बैनर और पोस्टर लेकर घंटों तक नारे लगाते रहे। इससे पूरे इलाके में जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थकों की भीड़ से नामांकन केंद्र का द्वार पूरी तरह पटा रहा। वहीं, अन्य प्रत्याशी और उनके प्रस्तावक केंद्र तक पहुंचने में मुश्किल महसूस कर रहे थे। स्थानीय लोगों ने इसे आचार संहिता का खुला उल्लंघन बताया और प्रशासन की निष्क्रियता पर सवाल उठाए।
