“पिता-पुत्र के बीच दरार पैदा करना चाहते हैं कुछ लोग, दीपा मांझी मेरी भाभी हैं, भाभी मां के समान होती हैं” : चिराग
गयाजी। इमामगंज विधानसभा क्षेत्र में सोमवार को लोजपा (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने एनडीए प्रत्याशी दीपा कुमारी के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित किया। सभा में उनके साथ केंद्रीय मंत्री और हम पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जीतन राम मांझी मंच साझा करते नज़र आए।
सभा में चिराग पासवान ने कहा कि कुछ लोग पिता और पुत्र के बीच दरार पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन हमारा संबंध विश्वास और सम्मान पर आधारित है। उन्होंने कहा— “दीपा मांझी मेरी भाभी हैं, और भाभी मां के समान होती हैं। यह मेरे लिए कोई राजनीतिक मंच नहीं, बल्कि पारिवारिक अवसर है। मैं अपने परिवार के लिए अपील करने आया हूं कि दीपा भाभी को इस बार भी जिताएं।”
चिराग पासवान ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश प्रगति कर रहा है और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के अनुभव से बिहार की रफ्तार तेज़ हुई है। उन्होंने कहा कि 14 नवंबर को एक बार फिर एनडीए की सरकार बनने जा रही है। दीपा मांझी इमामगंज क्षेत्र के विकास के लिए लगातार काम कर रही हैं और आने वाले पांच साल “स्वर्णिम काल” साबित होंगे।
उन्होंने लोगों से अपील की— “यह चुनाव किसी पार्टी का नहीं, परिवार और विकास की सोच का है। विरोधी दुनिया भर की बातें करेंगे, लेकिन हमें एकजुट रहना है। दीपा भाभी की जीत सबसे ज्यादा खुशी मुझे होगी। जीत के बाद उसी चुनाव चिन्ह ‘कड़ाही’ में जिलेबी और पकौड़ी खाएंगे।”
वहीं, सभा में केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने मगही में संबोधन देते हुए कहा— “जो कहना था, वह चिराग पासवान ने कह दिया है। कुछ लोग चिराग और जीतन में विरोध पैदा करना चाहते हैं, लेकिन दोनों एक हैं। जब हम नौ साल रहे तो वातावरण शांत रखा। पहले क्या होता था, सब जानते हैं। 2015 और 2020 की तरह इस बार भी दीपा को जिताएं।”
मांझी ने आगे कहा कि चिराग और संतोष दोनों भाई हैं और यही बिहार की राजनीति का भविष्य हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि उपचुनाव के बाद नीतीश कुमार ही मुख्यमंत्री बने रहेंगे।
मुख्य बातें:
चिराग पासवान और जीतन राम मांझी ने साझा मंच से दिखाई एकता।
दीपा मांझी को “भाभी मां के समान” बताते हुए भावनात्मक अपील।
चिराग बोले – “14 नवंबर को फिर बनेगी एनडीए सरकार।”
मांझी बोले – “विरोधी दरार डालना चाहते हैं, पर हम एक हैं।”
