बेलागंज में सरकारी मशीनरी का खुल्लमखुल्ला दुरुपयोग किया जा रहा है: विश्वनाथ कुमार
गया लाइव डेस्क। बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान बेलागंज विधानसभा क्षेत्र में सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए महागठबंधन समर्थित राजद के उम्मीदवार विश्वनाथ कुमार सिंह ने प्रशासन पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
उन्होंने गुरुवार को गया शहर के रामपुर स्थित अपने आवास पर आयोजित प्रेसवार्ता में कहा कि बेलागंज क्षेत्र में हो रहे प्रशासनिक दुरुपयोग और सत्ता पक्ष की साजिशें लोकतंत्र के लिए खतरनाक हैं।
विश्वनाथ कुमार ने आरोप लगाया कि राजद और महागठबंधन के कार्यकर्ताओं पर लगातार झूठे मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं, ताकि जनता के बीच डर और भ्रम का माहौल बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि यह चुनाव जनता और लोकतंत्र की हत्या का प्रयास है।
राजद प्रत्याशी ने कहा कि अधिकारियों द्वारा सत्ता के इशारे पर लूट और पक्षपात की कार्रवाई की जा रही है, जबकि निष्पक्ष चुनाव कराने की जिम्मेदारी उन्हीं की है। उन्होंने कहा कि बेलागंज की जनता इस बार वोट की चोट से इसका जवाब देगी।
प्रेसवार्ता में राजद उम्मीदवार विश्वनाथ यादव, सांसद डॉ. सुनील प्रसाद यादव समेत कई स्थानीय नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे।
उन्होंने कहा कि अगर यही हाल रहा तो केवल बेलागंज नहीं, बल्कि पूरे गया जिले में प्रशासन की साख पर सवाल उठ जाएगा।
वहीं, भाजपा उम्मीदवार आनंद कुमार ने राजद प्रत्याशी के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि चुनाव पूरी तरह शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि हार के डर से राजद झूठे आरोप लगा रही है।
