डॉ. प्रेम कुमार बने बिहार विधानसभा के अध्यक्ष, स्वागत-सभा में भाजपा नेताओं ने दी बधाई
गया लाइव डेस्क। गया जिले के लोकप्रिय और कर्मठ विधायक डॉ. प्रेम कुमार को आज बिहार विधानसभा का अध्यक्ष चुना गया। इस अवसर पर एक स्वागत-सभा का आयोजन किया गया, जिसमें उन्हें अंग-वस्त्र एवं पुष्प-मालाओं से सुसज्जित भव्य बुके देकर सम्मानित किया गया और हार्दिक शुभकामनाएँ दी गईं।
सभास्थल पर उपस्थित डॉ. मनीष पंकज मिश्रा (भाजपा) ने कहा कि यह सिर्फ गया के लिए नहीं, बल्कि पूरे बिहार के लिए गर्व एवं सम्मान का क्षण है। उन्होंने कहा कि डॉ. प्रेम कुमार ने अपने लंबे राजनीतिक सफर में हमेशा सेवा, विकास और स्वच्छ राजनीति के लिए कार्य किया है। उनकी निष्ठा, ईमानदारी व जनहित के प्रति समर्पण उन्हें इस उच्च पद के लिए सर्वोत्तम बनाता है।

भाजपा के प्रदेश कार्य समिति सदस्य राजेंद्र प्रसाद, अधिवक्ता संतोष ठाकुर सहित अनेक स्थानीय नेता-कार्यकर्ताओं ने भी स्वागत सभा में भाग लिया और डॉ. प्रेम कुमार को अध्यक्ष पद की सफलता के लिए शुभकामनाएँ दीं।
इस दौरान डॉ. प्रेम कुमार ने कहा:
मेरे लिए यह गौरव का क्षण नहीं है, बल्कि यह सारे मतदाताओं व पार्टी कार्यकर्ताओं का गौरव है, जिन्होंने 1990 से मुझे अपना प्यार, स्नेह व आशीर्वाद दिया। मैं गया की जनता व सभी सहयोगियों का तहे दिल से आभारी हूँ।
नौ बार विधायक चुने जा चुके डॉ. प्रेम कुमार अब विधानसभा अध्यक्ष के रूप में अपने अनुभव, संतुलित दृष्टिकोण और शांत नेतृत्व के बल पर लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा, विधायी गरिमा और विकासोन्मुखी कार्यशैली को आगे बढ़ाएंगे। उम्मीद की जा रही है कि उनके कुशल नेतृत्व से विधानसभा में सकारात्मक, रचनात्मक व विकासोन्मुख वातावरण स्थापित होगा।
