श्रमजीवी पत्रकार यूनियन, गया की ओर से शोक संदेश
गया लाइव डेस्क। श्रमजीवी पत्रकार यूनियन, गया की ओर से प्रभात खबर, गयाजी के ब्यूरो चीफ एवं वरिष्ठ पत्रकार कंचन कुमार सिन्हा जी के भतीजे भानु के असामयिक निधन पर गहरा शोक एवं संवेदना व्यक्त की गई है। गुरुवार की देर शाम करंट लगने से हुई इस दर्दनाक घटना ने पूरे पत्रकार जगत को मर्माहत कर दिया है। इतनी कम उम्र में इस प्रकार का निधन अत्यंत दुःखद, पीड़ादायक और अपूरणीय क्षति है।
यूनियन के जिलाध्यक्ष रंजन सिन्हा ने अपने शोक संदेश में कहा कि यह घटना न सिर्फ कंचन कुमार सिन्हा जी के परिवार के लिए, बल्कि पूरे पत्रकार समाज के लिए गहरा आघात है। भानु के निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। इस कठिन समय में श्रमजीवी पत्रकार यूनियन, गया पूरी संवेदना और एकजुटता के साथ शोकाकुल परिवार के साथ खड़ी है।
उन्होंने कहा कि ईश्वर की इच्छा के आगे सब असहाय हैं, लेकिन ऐसी घटनाएं मन को झकझोर कर रख देती हैं। हम सभी ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा उन्हें शांति प्रदान करें। साथ ही, शोक संतप्त परिजनों एवं सभी शुभचिंतकों को इस असहनीय पीड़ा को सहने की शक्ति और संबल दें।
यूनियन के सभी सदस्यों ने भी इस दुःखद घटना पर अपनी गहरी संवेदना प्रकट करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की है और परिवार के प्रति अपनी एकजुटता व्यक्त की है। 🙏💐
