गयापटनाबिहार

गया में अब हर महीने लगेगी जनता की अदालत, थानों में सीधे सुनी जाएगी लोगों की समस्याएं

गया लाइव डेस्क। मगध प्रमंडल के आईजी विकास वैभव ने गया में पुलिस और जनता के बीच भरोसा मजबूत करने के लिए नई पहल की घोषणा की है। अब हर महीने के पहले शनिवार को जिले के सभी थानों में “लोक संवाद संगोष्ठी” आयोजित होगी, जहां आम लोग सीधे पुलिस के सामने अपनी समस्याएं और सुझाव रख सकेंगे। रेड क्रॉस परिषद में आयोजित पुलिस-पब्लिक संवाद कार्यक्रम में ट्रैफिक जाम, अतिक्रमण और महिला सुरक्षा सबसे बड़े मुद्दे बनकर उभरे।

लोगों ने शहर में लगातार बढ़ रहे जाम और अव्यवस्थित यातायात पर नाराजगी जताई। आईजी ने कहा कि केवल शिकायत करने से समाधान नहीं निकलेगा, जनता को भी व्यावहारिक सुझाव देने होंगे। उन्होंने माना कि ट्रैफिक समस्या गंभीर है, लेकिन यह भी कहा कि अपराध नियंत्रण की स्थिति पहले से बेहतर हुई है।

कार्यक्रम में अधिवक्ता धर्मेंद्र कुमार ने नगर निगम पर अतिक्रमण हटाने में लापरवाही और मिलीभगत का आरोप लगाया। वहीं एक महिला ने रेलवे स्टेशन से रात में घर लौटने के दौरान असुरक्षा की बात उठाई। इस पर आईजी ने प्रमुख स्टेशनों पर पुलिस असिस्टेंट बूथ सक्रिय करने और गश्ती व्यवस्था मजबूत करने की बात कही।

विकास वैभव ने कहा कि रोहतास, पटना, भागलपुर और मुंगेर में ऐसे संवाद कार्यक्रमों से सकारात्मक परिणाम मिले हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनता से मिले सुझावों पर गंभीरता से कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *