गयापटनाबिहार

कपड़े की छोटी दुकान चलाने वाले पिता की बेटी ने किया कमाल, गया की माही बनी देश की टॉपर

गया लाइव डेस्क। गयाजी की बेटी माही कुमारी ने सीबीएसई 12वीं कॉमर्स परीक्षा में 99.8 प्रतिशत अंक हासिल कर जिले ही नहीं, पूरे बिहार का नाम रोशन कर दिया है। Gaya की रहने वाली माही अब देश के टॉप स्कोरर्स और पटना रीजन की टॉपर्स सूची में शामिल हो चुकी हैं। उनकी इस शानदार सफलता से परिवार, स्कूल और पूरे इलाके में खुशी का माहौल है।

केंद्रीय विद्यालय-वन की छात्रा माही साधारण परिवार से आती हैं। उनके पिता मनोज कुमार घर में कपड़ों की छोटी दुकान चलाते हैं, जबकि मां गृहिणी हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद माही ने अपनी मेहनत, अनुशासन और लगातार पढ़ाई के दम पर यह ऐतिहासिक सफलता हासिल की।

स्वराजयपुरी रोड स्थित ढोलकिया गली निवासी माही बचपन से ही पढ़ाई में मेधावी रही हैं। शुरुआती शिक्षा स्थानीय स्कूल से लेने के बाद उन्होंने दया प्रकाश सरस्वती विद्या मंदिर और फिर केंद्रीय विद्यालय-वन से इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी की। शिक्षकों के अनुसार माही हमेशा पढ़ाई को लेकर गंभीर और लक्ष्य के प्रति समर्पित रही हैं।

रिजल्ट जारी होते ही घर में जश्न का माहौल बन गया। माता-पिता ने बेटी को मिठाई खिलाकर और केक काटकर खुशी मनाई। बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। माही ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, शिक्षकों और नियमित पढ़ाई को दिया। उन्होंने कहा कि आगे की पढ़ाई पूरी कर वह देश की सेवा करना चाहती हैं।

माही की यह सफलता उन हजारों छात्रों के लिए प्रेरणा बन गई है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखने का साहस रखते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *