गयापटनाबिहार

बिपार्ड में दो दिवसीय ‘मंथन-2025’ कार्यशाला का शुभारंभ

गया लाइव डेस्क। बिहार लोक प्रशासन एवं ग्रामीण विकास संस्थान (बिपार्ड), बोधगया में आज से दो दिवसीय उच्चस्तरीय प्रशासनिक कार्यशाला ‘मंथन-2025’ का शुभारंभ हुआ। इस कार्यशाला का उद्घाटन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया। कार्यक्रम में बिहार के सभी जिलों के जिलाधिकारी, प्रमंडलीय आयुक्त (कमिश्नर) एवं वरीय प्रशासनिक अधिकारियों ने भाग लिया।

मुख्यमंत्री विशेष विमान से पटना से गया पहुंचे, जहां उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। उद्घाटन के अवसर पर मुख्यमंत्री ने बिपार्ड परिसर में विकसित की गई कई नई सुविधाओं का लोकार्पण भी किया।

कार्यशाला में बिहार सरकार के महाधिवक्ता सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। ‘मंथन-2025’ के दौरान प्रशासनिक सुधार, विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, कानून-व्यवस्था, लोक सेवा वितरण प्रणाली, नवाचार तथा सुशासन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की जा रही है।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम

मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। सिटी एसपी समेत वरीय पुलिस अधिकारियों ने बिपार्ड परिसर, बोधगया एवं आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। कार्यक्रम स्थल और प्रमुख मार्गों पर मजिस्ट्रेटों के साथ पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है।

यातायात व्यवस्था में बदलाव

कार्यक्रम के मद्देनजर गया शहर में यातायात व्यवस्था में भी आंशिक बदलाव किया गया है। बिपार्ड और बोधगया जाने वाले मार्गों पर विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है। कुछ मार्गों पर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा, जबकि वैकल्पिक मार्गों से आवागमन की व्यवस्था की गई है। प्रशासन ने आम नागरिकों से सहयोग और यातायात नियमों के पालन की अपील की है।

शासन प्रणाली को और मजबूत करने पर जोर

‘मंथन-2025’ कार्यशाला के माध्यम से जिला-केंद्रित शासन प्रणाली को और मजबूत करने, विकास योजनाओं की जमीनी समीक्षा करने तथा प्रशासनिक कार्यशैली को अधिक प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया जाएगा।

कार्यशाला के उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बोधगया पहुंचे, जहां उन्होंने महाबोधि मंदिर में भगवान बुद्ध के दर्शन कर पूजा-अर्चना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *