शादी की खुशियां मातम में बदलीं, तेज रफ्तार हाइवा ने ऑटो को रौंदा; 16 वर्षीय किशोरी की मौत, 12 से ज्यादा घायल
गया लाइव डेस्क। गया-पटना राष्ट्रीय मार्ग पर बुधवार को हुए भीषण सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। शादी समारोह से लौट रहे लोगों से भरे ऑटो को तेज रफ्तार हाइवा ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में 16 वर्षीय शिबू कुमारी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों का गुस्सा सड़क पर फूट पड़ा।
यह हादसा बेलागंज थाना क्षेत्र के बाईपास के पास हुआ। जानकारी के अनुसार सरबदहा गांव निवासी अनिल कुमार अपने परिवार और रिश्तेदारों के साथ एरकी गांव में आयोजित शादी समारोह से ऑटो से लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार हाइवा ने ऑटो को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए।
घायलों में अनिल कुमार, सुनीता देवी, खुशबू कुमारी, काजल कुमारी, कुंती रानी, मुन्नी देवी, कुश कुमार और गणेश कुमार समेत कई लोग शामिल हैं। स्थानीय ग्रामीणों और डायल 112 पुलिस की मदद से सभी घायलों को बेलागंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया।
हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने गया-पटना हाईवे को करीब तीन घंटे तक जाम कर प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। लोगों ने आरोप लगाया कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार के कारण लगातार हादसे हो रहे हैं, लेकिन प्रशासन प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रहा। ग्रामीणों ने मृतक परिवार को मुआवजा और दोषी चालक पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। काफी समझाने-बुझाने के बाद जाम हटाया गया। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
