Uncategorized

161वां गया जिला स्थापना दिवस की तैयारी तेज, वॉक फॉर गया से केक कटिंग तक कार्यक्रम तय

गया लाइव डेस्क। आगामी 03 अक्टूबर 2025 को मनाए जाने वाले 161वें गया जिला स्थापना दिवस की तैयारी को लेकर जिला पदाधिकारी शशांक शुभांकर की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

डीएम ने बताया कि स्थापना दिवस पर सुबह 7:00 बजे टावर चौक से गांधी मैदान मंडप तक “वॉक फॉर गया” एवं स्वीप एक्टिविटी का आयोजन होगा। इसमें जिला पदाधिकारीगण, गणमान्य नागरिक, स्कूली बच्चे व अन्य लोग शामिल होंगे। भाग लेने वालों के लिए नींबू पानी और बिस्किट की व्यवस्था नजारत उप समाहर्ता को करने का निर्देश दिया गया है। वहीं, पुलिस उपाधीक्षक (यातायात) को सुचारू ट्रैफिक प्लान सुनिश्चित करने का आदेश दिया गया।

इसके बाद सुबह 7:30 बजे गांधी मैदान परिसर व अन्य खुले क्षेत्रों में पौधरोपण किया जाएगा। डीएम ने कहा कि यह दिन गया जिले के लिए ऐतिहासिक है और स्वच्छता का संदेश देने के लिए संपूर्ण शहर की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

स्थापना दिवस पर रेड क्रॉस भवन, गया में सुबह 11:00 बजे रक्तदान शिविर का आयोजन होगा। डीएम ने पदाधिकारी व कर्मियों को विशेष रूप से इसमें भाग लेने की अपील की ताकि आम लोग भी रक्तदान के लिए प्रेरित हों।

शाम को जिला स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में गया जिले का नक्शा बनाकर उस पर 161 मोमबत्तियां जलाना, रंगोली सजाना और केक कटिंग का कार्यक्रम होगा। इसके लिए डीपीएम जीविका और नजारत उप समाहर्ता को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।

डीएम ने सभी सरकारी कार्यालयों एवं जिलेवासियों से अपील की है कि वे इस दिन को खास बनाने के लिए अपने घरों और निजी कार्यालयों को आकर्षक टिमटिमाती लाइटों से सजाएं। गया जिला स्थापना दिवस पर सुरक्षा, यातायात व विधि व्यवस्था को लेकर भी प्रशासन ने अग्रेतर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *