Uncategorized

गया में सेक्टर पदाधिकारियों की ब्रीफिंग, निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने पर जोर

गया लाइव डेस्क। आगामी बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को स्वतंत्र, निष्पक्ष और भयमुक्त माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से गया जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी शशांक शुभंकर की अध्यक्षता में हरिदास सेमिनरी प्रेक्षागृह में सेक्टर पदाधिकारियों और सेक्टर पुलिस पदाधिकारियों की एक दिवसीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला आयोजित की गई।


कार्यशाला को संबोधित करते हुए डीएम ने कहा कि चुनाव की घोषणा के पूर्व से ही तैयारी शुरू कर देना आवश्यक है, ताकि प्रेस नोट जारी होने के बाद सीमित समय में सभी कार्य समय पर पूरे किए जा सकें। उन्होंने सेक्टर पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में भेद्यता मैपिंग करने और सभी मतदान केंद्रों पर न्यूनतम 11 सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।


डीएम ने बताया कि प्रत्येक सेक्टर पदाधिकारी के जिम्मे करीब 15 मतदान केंद्र रहते हैं। ऐसे में उन्हें बिजली, रैंप, शौचालय, पेयजल, भवन की स्थिति एवं पहुंच पथ जैसी व्यवस्थाओं की अग्रिम जांच करनी होगी। साथ ही पिछले चुनाव में गड़बड़ी फैलाने वाले तत्वों की पहचान कर उनकी जानकारी भी उपलब्ध करानी होगी।

उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदान से एक दिन पहले रात तक यह सुनिश्चित करना होगा कि सभी मतदान कर्मी, पीठासीन पदाधिकारी और पुलिस बल मतदान केंद्र पर पहुंच चुके हों। चुनाव के दिन मॉक पोल से लेकर मतदान प्रारंभ कराने, ईवीएम/वीवीपैट की कार्यप्रणाली पर नजर रखने तथा किसी भी तकनीकी गड़बड़ी पर दो घंटे के भीतर ईवीएम बदलने की जिम्मेदारी भी सेक्टर पदाधिकारियों की होगी।

डीएम ने कहा कि मतदान के बाद सभी वैधानिक और अवैधानिक पैकेट की तैयारी कर ईवीएम को सुरक्षित रूप से बज्रगृह तक पहुंचाना भी सेक्टर पदाधिकारी की प्रमुख जिम्मेदारी है। उन्होंने आदर्श आचार संहिता के पालन पर विशेष बल देते हुए कहा कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार का उल्लंघन नहीं होना चाहिए।

प्रशिक्षण के दौरान सेक्टर पदाधिकारियों को ईवीएम की हैंड्स ऑन ट्रेनिंग भी दी गई। उनके साथ मास्टर ट्रेनरों की तैनाती की गई है ताकि किसी भी समस्या का तुरंत समाधान किया जा सके। कार्यशाला में अपर समाहर्ता (राजस्व), वरीय उप समाहर्ता अंशू कुमारी, वरीय उप समाहर्ता धनराज कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला जनसम्पर्क पदाधिकारी समेत प्रशिक्षण कोषांग के पदाधिकारी मौजूद थे। इस मौके पर 788 सेक्टर पदाधिकारी और सेक्टर पुलिस पदाधिकारी प्रशिक्षण में शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *