नवरात्र पर मातृ शक्ति को समर्पित शोभायात्रा, हजारों महिलाओं ने लिया भाग
गया लाइव डेस्क (अंजनी वर्मा)। नवरात्र के पावन अवसर पर गया शहर में पशुराम गुरुकुल ट्रस्ट की ओर से मातृ शक्ति को समर्पित भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया। इस शोभायात्रा का शुभारंभ शहर के गोल पत्थर चौराहा से किया गया, जिसमें हजारों की संख्या में महिलाएं शामिल हुईं।
शोभायात्रा में देवी शक्ति के नौ रूपों में सजी कुमारी कन्याओं के साथ-साथ कई महिलाएं झांसी की रानी लक्ष्मीबाई का रूप धारण कर शामिल हुईं। महिलाएं सशस्त्र होकर पूरे उत्साह और जोश के साथ शक्ति और साहस का संदेश देती नज़र आईं। आयोजन का मुख्य उद्देश्य समाज में नारी शक्ति को बढ़ावा देना और महिलाओं को सशक्त बनाने का रहा।
शोभायात्रा के आयोजक नीरज त्रिपाठी ने बताया कि इस यात्रा का उद्देश्य मातृ शक्ति को जागरूक करना और उन्हें आत्मरक्षा के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने कहा, “अब समय आ गया है कि मातृशक्ति शास्त्र उठाए, क्योंकि पुरुष वर्ग कमजोर होते जा रहे हैं। इतिहास गवाह है कि जब भी इस देश में असुरों का अत्याचार बढ़ा है, तब मातृशक्ति ने उठकर उनका संहार किया है।”
शोभायात्रा शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए अपने निर्धारित स्थान तक पहुँची। इस दौरान जगह-जगह लोगों ने पुष्पवर्षा कर मातृशक्ति का स्वागत किया।
