गया

बोधगया में राजस्व कर्मचारी रितेश कुमार निलंबित, FIFO नियम के 129 बार उल्लंघन का आरोप

गयाजी(अंजनी वर्मा)। बोधगया अंचल में पदस्थापित राजस्व कर्मचारी श्री रितेश कुमार को दाखिल-खारिज वादों के निष्पादन में FIFO (First In First Out) नियम का उल्लंघन करने के आरोप में ज़िला पदाधिकारी गया श्री शशांक शुभंकर ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

जाँच में उजागर हुई गंभीर अनियमितताएँ

परिवादी के आवेदन पत्र के आधार पर जब बिहार भूमि पोर्टल से विवरणी प्राप्त कर जाँच की गई, तो यह पाया गया कि श्री रितेश कुमार द्वारा 129 बार FIFO प्रक्रिया को स्किप किया गया है। यह आचरण विभागीय निर्देशों का स्पष्ट और गंभीर उल्लंघन माना गया है।

राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग, बिहार, पटना द्वारा पूर्व में सभी राजस्व कर्मियों को दाखिल-खारिज आवेदनों के निष्पादन में FIFO नियम और निर्धारित समय सीमा का पालन करने का स्पष्ट निर्देश दिया गया था।

⚠️ पहले भी मिली थी चेतावनी

पूर्व में भी ज़िला पदाधिकारी गया द्वारा श्री कुमार से परिमार्जन प्लस के 355 लंबित आवेदनों पर स्पष्टीकरण माँगा गया था, परंतु उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया।
प्रशासन के अनुसार, यह व्यवहार उनके स्वेच्छाचारिता, अनुशासनहीनता और भ्रष्ट आचरण को दर्शाता है।

️‍♂️ निगरानी समिति करेगी जाँच

लगाए गए आरोपों की गंभीर और व्यापक प्रकृति को देखते हुए, मामले की जाँच ज़िला निगरानी समिति से कराने का निर्देश दिया गया है।

निलंबन अवधि में मुख्यालय तय

निलंबन की अवधि में श्री रितेश कुमार का मुख्यालय अंचल नीमचक बथानी निर्धारित किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *