केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने बांटे टिकट, छह सीटों पर हम पार्टी के प्रत्याशी घोषित
गया लाइव डेस्क। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की राजनीतिक सरगर्मियों के बीच मंगलवार को केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने अपनी पार्टी हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) के छह प्रत्याशियों की घोषणा कर दी। इन छह सीटों में गया जिले की तीन प्रमुख सीटें भी शामिल हैं।

हम पार्टी ने इमामगंज विधानसभा सीट से दीपा कुमारी, टिकारी से अनिल कुमार, बाराचट्टी से ज्योति देवी, अतरी से रोमित कुमार, सिकंदरा से प्रफुल्ल कुमार मांझी और कुटुंबा से ललन राम को टिकट दिया है।

सबसे खास नाम दीपा कुमारी का है, जो बिहार सरकार के मंत्री संतोष कुमार सुमन की पत्नी और जीतन राम मांझी की बहू हैं। वहीं, बाराचट्टी से ज्योति देवी, जो मांझी की समधन हैं, को दोबारा मौका दिया गया है।

गया जिले में हम की मजबूत दावेदारी
गया जिले की तीन सीटों—इमामगंज, टिकारी और बाराचट्टी—पर हम ने अपने पुराने उम्मीदवारों पर भरोसा जताया है।
टिकारी से मौजूदा विधायक अनिल कुमार को पुनः उम्मीदवार बनाया गया है। बाराचट्टी से मौजूदा विधायक ज्योति देवी और इमामगंज से दीपा कुमारी को फिर से टिकट मिला है।

लंदन से एमबीए, शिक्षा क्षेत्र से जुड़े उम्मीदवार
अतरी विधानसभा सीट से टिकट पाने वाले रोमित कुमार लंदन से एमबीए हैं और गया, बोधगया व नवादा में ज्ञान भारती पब्लिक स्कूल संचालित करते हैं।

एनडीए में सीट बंटवारा तय
एनडीए में सीट बंटवारे के तहत हम पार्टी को 6 सीटें, भाजपा और जदयू को 101-101 सीटें, एलजेपी (रामविलास) को 29 सीटें तथा उपेंद्र कुशवाहा की आरएलएम को 6 सीटें मिली हैं।
जीतन राम मांझी के इस ऐलान के साथ बिहार की सियासत में नई हलचल तेज हो गई है और अब सभी की निगाहें इन छह सीटों पर टिकी हैं, जहां ‘हम’ ने अपने दमदार उम्मीदवार उतारे हैं।
