गया नगर विधानसभा से कांग्रेस प्रत्याशी मोहन श्रीवास्तव ने किया नामांकन, पूर्व गृह मंत्री सुबोधकांत सहाय बोले—36 साल से एक ही व्यक्ति, लेकिन गयाजी का विकास शून्य
गया लाइव डेस्क। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दूसरे चरण के नामांकन के अंतिम दिन सोमवार को गया नगर विधानसभा सीट से महागठबंधन समर्थित कांग्रेस उम्मीदवार अखौरी ओंकार नाथ उर्फ मोहन श्रीवास्तव ने अपना नामांकन दाखिल किया। नामांकन के दौरान उनके साथ पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री सुबोधकांत सहाय मौजूद रहे। नामांकन के बाद समर्थकों ने फूल-मालाओं से उनका भव्य स्वागत किया और जीत की अग्रिम शुभकामनाएं दीं।
इसके बाद गया क्लब मैदान में आयोजित नामांकन सभा में महागठबंधन के कई दिग्गज नेता शामिल हुए और एनडीए सरकार सहित स्थानीय विधायक पर जमकर हमला बोला।
“36 साल से एक ही व्यक्ति, लेकिन विकास शून्य” – मोहन श्रीवास्तव
सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस प्रत्याशी मोहन श्रीवास्तव ने कहा कि गया की जनता ने तीन युगों से यानी 36-37 वर्षों से एक ही व्यक्ति को मौका दिया है, जो लगातार मंत्री पद पर रहे, परंतु अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त गयाजी शहर का विकास आज भी शून्य है।
उन्होंने कहा कि “नगर निगम के डिप्टी मेयर रहते हुए मैंने शहर के हर गली-मोहल्ले तक विकास कार्य कराया, सड़कों का निर्माण हुआ, जलजमाव की समस्या दूर की गई और कोरोना काल में लोगों की सुरक्षा के लिए जी-जान लगा दी। अब जनता के आशीर्वाद से विधायक बनकर शहर के जाम की समस्या खत्म करूंगा, फल्गु नदी किनारे ओवरब्रिज और रिंग रोड का निर्माण कराया जाएगा। साथ ही गया को हेरिटेज सिटी के रूप में विकसित किया जाएगा।”
सुबोधकांत सहाय बोले – “डॉ. प्रेम कुमार ने 36 साल में सिर्फ अपना विकास किया”
पूर्व गृह मंत्री सुबोधकांत सहाय ने कहा कि गया शहर को विकास की आवश्यकता है, न कि झूठे दावों की। उन्होंने कहा कि “यहां के आठ बार के विधायक और मंत्री रहे डॉ. प्रेम कुमार ने गया का नहीं, केवल अपना और परिवार का विकास किया। शहर आज भी जाम, बेरोजगारी और उपेक्षा की मार झेल रहा है। अब बदलाव का समय आ गया है। जनता मोहन श्रीवास्तव को मौका दे, वह गया को गौरवमय दिशा में ले जाएंगे।”
मंच से गरजे महागठबंधन के नेता
गया क्लब में आयोजित नामांकन सभा में जहानाबाद के आरजेडी सांसद सुरेंद्र यादव, पूर्व मंत्री व वजीरगंज प्रत्याशी अवधेश सिंह, मखदुमपुर विधायक सतीश दास, नगर निगम के मेयर वीरेंद्र कुमार उर्फ गणेश पासवान, डिप्टी मेयर चिन्ता देवी सहित कई नेताओं ने एनडीए सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि “यहां के विधायक ने क्रिकेट स्टेडियम तक नालंदा भेज दिया, सर्किट हाउस कब्जे में रखा और कोरोना काल में जनता को बेसहारा छोड़ दिया।”
नेताओं ने एक सुर में कहा कि मोहन श्रीवास्तव ही ऐसे नेता हैं जिन्होंने संकट की घड़ी में जनता के साथ खड़े होकर सेवा की मिसाल पेश की।
ये रहे मौजूद
इस मौके पर पूर्व गृह मंत्री सुबोधकांत सहाय, सांसद सुरेंद्र यादव, पूर्व मंत्री अवधेश सिंह, मेयर वीरेंद्र कुमार, डिप्टी मेयर चिन्ता देवी, विधायक सतीश दास, रजनीश कुमार झुन्ना, सैफुल इस्लाम, धर्मेंद्र निराला, निरंजन कुमार, रीता वर्णवाल, मोहम्मद याहिया, शशि किशोर शिशु, मो. नैयर, अबरार अहमद उर्फ भोला, मुरारी शर्मा, उदय श्रीवास्तव, सुनैना रानी अंजनी, सादुल्ला फारूकी, बाबूलाल सिंह, नारायण कुमार सिंह, चंचल केशरी, विद्या शर्मा, विशाल कुमार सिन्हा, कौशलेंद्र शर्मा, पिंटू शर्मा, रजनीश कुमार गुड्डू, पार्षद डिम्पल चंद्रवंशी समेत हजारों कार्यकर्ता व समर्थक उपस्थित रहे। सभा स्थल पर “विकास चाहिए, बदलाव चाहिए” के नारों से पूरा गया क्लब मैदान गूंज उठा।
