सफाई में लापरवाही पर एजेंसी पर ₹3 लाख का जुर्माना नगर आयुक्त ने दिए सख्त निर्देश, 25 अक्टूबर तक सभी घाटों की व्यवस्था पूर्ण करने का आदेश
गया लाइव डेस्क। आगामी छठ पर्व को लेकर नगर निगम कार्यालय में सोमवार को नगर आयुक्त कुमार अनुराग की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उप नगर आयुक्त, सहायक लोक स्वच्छता पदाधिकारी सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक की शुरुआत दीपावली और धनतेरस पर्व के दौरान सफाई व्यवस्था की समीक्षा से हुई। नगर आयुक्त ने बताया कि ग्लोबल सफाई एजेंसी द्वारा उनके आवंटित क्षेत्रों में सफाई कार्य संतोषजनक नहीं पाया गया। कई स्थानों पर कचरा जमा रहा और सफाई पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का भी समय पर निस्तारण नहीं किया गया।
नगर आयुक्त ने इस लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए सफाई एजेंसी पर ₹3 लाख का दंड लगाया है। साथ ही चेतावनी दी कि आने वाले छठ पर्व में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सहायक लोक स्वच्छता पदाधिकारी को निर्देश दिया कि एजेंसी से कार्य विवरणी प्राप्त कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।
छठ पर्व को लेकर नगर निगम ने 28 घाटों और तालाबों पर सफाई, प्रकाश, पेयजल, वॉच टावर, कंट्रोल रूम, पथ समतलीकरण आदि कार्य तेजी से शुरू करा दिए हैं। सभी घाटों पर ट्यूब लाइट, हेलोजन लाइट, जेनसेट, चेंजिंग रूम, वॉच टावर और कंट्रोल रूम की व्यवस्था की जा रही है।
प्रमुख घाटों में यह है व्यवस्था
केन्दूई घाट पर 06 चेंजिंग रूम, 06 वॉच टावर और 01 कंट्रोल रूम
सिंगारा स्थान घाट पर 03 चेंजिंग रूम, 01 वॉच टावर, 01 कंट्रोल रूम
पितामहेश्वर घाट पर 04 चेंजिंग रूम, 04 वॉच टावर, 01 कंट्रोल रूम
रुक्मिणी सरोवर, सूर्यपोखरा, रामशिला तालाब, देवघाट, भास्कर घाट और अन्य घाटों पर प्रकाश व स्वच्छता की विशेष व्यवस्था की जा रही है।
प्रत्येक घाट और तालाब के लिए अलग-अलग नोडल पदाधिकारी, कनीय अभियंता और स्वच्छता पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई है। नगर आयुक्त ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि दिनांक 25 अक्टूबर 2025 तक सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
नगर आयुक्त ने यह कहा
छठ पर्व गयाजी की आस्था और स्वच्छता की पहचान है। सभी घाटों पर स्वच्छ और सुरक्षित माहौल सुनिश्चित करना नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
