Uncategorized

वजीरगंज विधानसभा से प्रेम कुमार ने भरा नामांकन

गया लाइव डेस्क। गया जिले के वजीरगंज विधानसभा क्षेत्र से जनशक्ति जनता दल पार्टी के प्रत्याशी प्रेम कुमार ने सोमवार को नामांकन पर्चा दाखिल किया। उन्होंने सदर एसडीओ कार्यालय के प्रांगण में विधिवत रूप से नामांकन प्रक्रिया पूरी की। नामांकन के बाद जब वे कार्यालय परिसर से बाहर निकले, तो समर्थकों ने फूल-मालाओं से उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। चारों ओर “प्रेम कुमार जिंदाबाद” के नारों से माहौल गूंज उठा।

प्रेम कुमार ने नामांकन के बाद मीडिया से बात करते हुए कहा कि उन्होंने जनशक्ति जनता दल पार्टी से वजीरगंज विधानसभा सीट पर चुनाव लड़ने का फैसला जनता की भावनाओं और क्षेत्र के विकास के लिए लिया है। उन्होंने कहा कि अब तक जितने भी प्रतिनिधि इस क्षेत्र से चुने गए, उन्होंने जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का काम नहीं किया। न तो क्षेत्र में कोई बड़ा अस्पताल बना, न ही बुनियादी सुविधाओं का विस्तार हुआ।

उन्होंने वादा किया कि यदि जनता उन्हें मौका देती है, तो वजीरगंज को विकास की नई दिशा देंगे। उन्होंने कहा कि तरवां को प्रखंड एवं थाना बनाना उनकी प्राथमिकता होगी, जिससे क्षेत्र के लोगों को प्रशासनिक सुविधाएं नजदीक में मिल सकें। साथ ही उन्होंने बड़े अस्पताल, सड़क, बिजली और शिक्षा के क्षेत्र में ठोस काम करने का भरोसा दिलाया।

समर्थकों में नामांकन को लेकर उत्साह देखने लायक था। कई लोग ढोल-नगाड़े और पोस्टर-बैनर के साथ प्रेम कुमार के समर्थन में नारेबाजी कर रहे थे। वहीं पार्टी कार्यकर्ताओं ने कहा कि प्रेम कुमार के नेतृत्व में वजीरगंज में बदलाव की नई शुरुआत होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *