गया में संपन्न हुआ ईवीएम का द्वितीय रैंडमाइजेशन
गया लाइव डेस्क। बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के तहत गया जिले के सभी 10 विधानसभा क्षेत्रों के लिए बुधवार को ईवीएम (इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन) का द्वितीय रैंडमाइजेशन निर्वाची पदाधिकारियों द्वारा सम्पन्न किया गया। यह प्रक्रिया भारत निर्वाचन आयोग द्वारा प्रतिनियुक्त प्रेक्षक की उपस्थिति में जिला सभागार, समाहरणालय गया में आयोजित की गई।
इस मौके पर संबंधित विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचन लड़ने वाले अभ्यर्थी एवं उनके प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। द्वितीय रैंडमाइजेशन की प्रक्रिया भारत निर्वाचन आयोग के EVM Management System (EMS) पोर्टल के माध्यम से की गई।
निर्वाचन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि द्वितीय रैंडमाइजेशन के दौरान प्रथम रैंडमाइजेशन के उपरांत विधानसभावार उपलब्ध कराई गई ईवीएम मशीनों को यादृच्छिक (random) रूप से मतदान केंद्रवार आवंटित किया गया। मतदान केंद्रों को आवंटन के बाद शेष बची ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों को सुरक्षित (Reserve) रखा गया है, जिनका उपयोग आवश्यकता पड़ने पर खराब मशीनों के Replacement के रूप में किया जाएगा।
द्वितीय रैंडमाइजेशन पूर्ण होने के बाद मतदान केंद्रवार आवंटित ईवीएम की सूची तथा सुरक्षित ईवीएम की सूची की प्रति सभी प्रत्याशियों को उपलब्ध करा दी गई। यह मशीनें आगामी 11 नवंबर 2025 को होने वाले मतदान में उपयोग की जाएंगी।
उल्लेखनीय है कि ईवीएम रैंडमाइजेशन से जुड़ी विस्तृत प्रक्रिया और दिशा-निर्देश भारत निर्वाचन आयोग के “इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन मैनुअल” में उपलब्ध हैं, जिसे आयोग की वेबसाइट https://www.eci.gov.in/evm&vvpat पर देखा जा सकता है।
जिले में यह रैंडमाइजेशन निम्न विधानसभा क्षेत्रों के लिए संपन्न हुआ —
225-गुरूआ, 226-शेरघाटी, 227-ईमामगंज (अ.जा.), 228-बाराचट्टी (अ.जा.), 229-बोधगया, 230-गया शहर, 231-टिकारी, 232-बेलागंज, 233-अतरी और 234-वजीरगंज।
