गयापटनाबिहार

नई पहल: शिकायतकर्ता बनेगा जांच का हिस्सा, मामलों की होगी सख्त मॉनिटरिंग

गया लाइव डेस्क। जिला प्रशासन ने प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक संवेदनशील और पारदर्शी बनाने की दिशा में अहम पहल की है। जिलाधिकारी शशांक शुभांकर ने कहा है कि अब जिला स्तर पर प्राप्त होने वाली शिकायतों में शिकायतकर्ता को भी जांच प्रक्रिया का हिस्सा बनाया जाएगा, ताकि जांच निष्पक्ष हो और आम लोगों का भरोसा प्रशासन पर मजबूत हो।

डीएम ने बताया कि जिले में दर्ज सभी शिकायतों की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी। प्राप्त मामलों के निष्पादन की मासिक और वार्षिक समीक्षा होगी। साथ ही न्यायालय और लोक शिकायत कोषांग में लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा। प्रत्येक माह दो से तीन मामलों को विशेष रूप से चिन्हित कर उनकी गहन समीक्षा की जाएगी।
उन्होंने कहा कि शिकायतों की केवल सुनवाई ही नहीं, बल्कि समाधान को भी प्राथमिकता दी जाएगी। यदि किसी मामले में किसी कारणवश कार्य संभव नहीं हो पाता है, तो इसकी लिखित जानकारी शिकायतकर्ता को दी जाएगी।
जिलाधिकारी ने बताया कि जिले के चहुंमुखी विकास के लिए एक वर्ष का रोडमैप तैयार किया गया है। पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बोधगया, डुंगेश्वरी, गहलौर सहित अन्य प्रमुख पर्यटन स्थलों के विकास की योजना बनाई गई है।
औद्योगिक विकास को गति देने के लिए अमृतसर–कोलकाता इंडस्ट्रियल कॉरिडोर से जुड़े क्षेत्रों में आधारभूत संरचनाओं के विकास के साथ सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने हेतु नया थाना खोले जाने की योजना है।


डीएम ने अधिकारियों व कर्मचारियों से नए वर्ष में नए संकल्प के साथ आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने की अपील की। इससे पूर्व श्रमजीवी पत्रकार यूनियन गया जिला इकाई के मुख्य सलाहकार कमलेश कुमार, नीरज कुमार, संरक्षक मंडल के सदस्य मनोरंजन कुमार, जिलाध्यक्ष रंजन सिन्हा, कुमुद रंजन, जय प्रकाश, रत्नेश कुमार समेत यूनियन के अन्य सदस्यों ने डीएम को शाॅल ओढ़ाकर सम्मानित किया। साथ ही नव वर्ष की बधाई दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *