50 हजार की रिश्वत लेते BDO गिरफ्तार, निगरानी की कार्रवाई से हड़कंप
गया लाइव डेस्क। बिहार के गया जिले से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां निगरानी विभाग ने नगर प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी को रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया है। कार्रवाई के बाद जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया है।
बिहार के गया जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी विभाग की बड़ी कार्रवाई सामने आई है। नगर प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी राकेश कुमार को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए निगरानी विभाग की टीम ने रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई प्रमुख के कार्यालय में की गई, जहां अधिकारी रिश्वत की राशि ले रहा था।
मामला पंचायती राज विभाग की 15वीं वित्त आयोग की राशि से जुड़े विकास कार्य से संबंधित है। नगर प्रखंड के रसलपुर पंचायत स्थित एक विद्यालय में चारदीवारी निर्माण और फेवर ब्लॉक लगाने का कार्य कराया जा रहा था। आरोप है कि इस कार्य को पास कराने और बिना बाधा चलने देने के लिए प्रखंड विकास पदाधिकारी राकेश कुमार ने नगर प्रखंड की प्रमुख सुचिता रंजनी से एक लाख रुपये की रिश्वत की मांग की थी।
शिकायतकर्ता के अनुसार, जब रिश्वत देने से इनकार किया गया तो बीडीओ ने कार्य बंद करवाने की धमकी दी। इससे परेशान होकर नगर प्रखंड की प्रमुख सुचिता रंजनी ने पूरे मामले की लिखित शिकायत निगरानी विभाग से की। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए निगरानी विभाग ने मामले की सत्यापन प्रक्रिया पूरी की और ट्रैप की योजना बनाई।
योजना के तहत प्रमुख को 50 हजार रुपये की पहली किश्त देने के लिए कहा गया। जैसे ही बीडीओ राकेश कुमार ने प्रमुख के कार्यालय में पैसे लिए, निगरानी विभाग की टीम ने मौके पर दबिश देकर उन्हें रंगेहाथ धर दबोचा। इसके बाद आरोपी अधिकारी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई।
निगरानी विभाग की टीम ने आरोपी बीडीओ के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आगे की कानूनी प्रक्रिया के तहत उनसे जुड़े दस्तावेजों और संपत्ति की भी जांच की जा रही है।
इस कार्रवाई के बाद गया जिले के प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है। आम लोगों में निगरानी विभाग की कार्रवाई को लेकर संतोष भी देखा जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
