शेरघाटी विधानसभा में जदयू का जनसंपर्क अभियान, राजू बरनवाल ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएँ
गया लाइव डेस्क। गया जी महानगर जदयू जिलाध्यक्ष श्री राजकुमार प्रसाद उर्फ़ राजू बरनवाल की अगुवाई में शुक्रवार को शेरघाटी विधानसभा के अंतर्गत मोज़मा, गोपालपुर पंचायत स्थित चिलम गाँव, अमरुआ, कुंज गली व आसपास के इलाकों में जनसंपर्क अभियान चलाया गया। इस दौरान सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ श्री बरनवाल ने घर-घर दस्तक देकर ग्रामीणों से संवाद किया और उनकी समस्याएँ सुनीं।

ग्रामीणों से आत्मीय मुलाकात पर अभिभूत बरनवाल ने कहा—
“आपका यह स्नेह, सम्मान और विश्वास मेरे लिए ऊर्जा और प्रेरणा का स्रोत है। इसके लिए मैं आप सभी का हृदय से आभार प्रकट करता हूँ।”

उन्होंने लोगों को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में चल रही जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क निर्माण, विद्युतीकरण, तकनीकी शिक्षा, कृषि, पशुपालन, जीविका, कुशल युवा कार्यक्रम और वृद्धा पेंशन योजना जैसी योजनाओं का लाभ किस तरह गाँव-गाँव तक पहुँच रहा है, इसकी विस्तृत जानकारी ग्रामीणों को दी गई।
बरनवाल ने कहा कि बिहार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में लगातार विकास पथ पर अग्रसर है। जनता के विश्वास का ही परिणाम है कि राज्य हर क्षेत्र में नई ऊँचाइयाँ छू रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि यदि यही सहयोग बना रहा तो आने वाले समय में बिहार देश के अग्रणी राज्यों में शामिल होगा। जनसंपर्क यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बनता था। बरनवाल ने कहा कि बूथ स्तर तक पार्टी की मजबूती के लिए लगातार जनता से जुड़ाव बनाए रखा जाएगा।
