गयाबिहार

गया में ‘उम्मीद की पाठशाला’ अभियान का शुभारंभ, केजी से पीजी तक नि:शुल्क शिक्षा देने का संकल्प

गया लाइव डेस्क। गया के शिक्षाविद् एवं एजुकेशन टाइम्स वेलफेयर ट्रस्ट के संस्थापक मो. जावेद सलीम के नेतृत्व में रविवार को एक विशेष शैक्षणिक एवं सामाजिक अभियान “उम्मीद की पाठशाला” का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस महत्वाकांक्षी अभियान का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद बच्चों को केजी से पीजी तक नि:शुल्क शिक्षा उपलब्ध कराना है, ताकि कोई भी बच्चा संसाधनों के अभाव में शिक्षा से वंचित न रहे।
कार्यक्रम का उद्घाटन बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि शिक्षा समाज को सशक्त बनाने का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने “उम्मीद की पाठशाला” पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के प्रयास सामाजिक परिवर्तन की दिशा में मील का पत्थर साबित होंगे। उन्होंने युवाओं से शिक्षा और सामाजिक जिम्मेदारी को प्राथमिकता देने की अपील भी की। कार्यक्रम का संचालन श्वेता श्रीवास्तव एवं कुमार अमित ने संयुक्त रूप से किया।
इस अवसर पर प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. नवनीत निश्चल, अमरनाथ मेहरवार, मुस्तकीम अख्तर, रामपुर थानाध्यक्ष दिनेश कुमार बहादुर सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम में शिक्षा, चिकित्सा, प्रशासन, मीडिया, खेल, समाजसेवा और सोशल मीडिया के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित किया गया।
शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए डॉ. मनीष कुमार एवं गौतम सिंह को सम्मानित किया गया। मीडिया क्षेत्र में कुमुद रंजन, रंजन सिन्हा एवं प्रदीप रंजन को सम्मान मिला। खेल के क्षेत्र में मंगल महरौर, प्रशासनिक सेवा में ट्रैफिक डीएसपी सुधीर कुमार, साइबर डीएसपी साक्षी राय, ट्रैफिक थानाध्यक्ष अजीत कुमार एवं रामपुर थानाध्यक्ष दिनेश बहादुर सिंह को सम्मानित किया गया।
समाजसेवा के क्षेत्र में कौशलेन्द्र कुमार सिंह, ममता किरण, मनीष कुमार कश्यप, अवकाश कुमार, अमित कुमार एवं डॉ. राजेश कुमार को सम्मान प्रदान किया गया। वहीं गरीब बच्चों को शिक्षा से जोड़ने के लिए रिलायंस दीनी एकेडमी के प्राचार्य सीएम आरफीन सैफी और नुसरत हसन को विशेष सम्मान दिया गया। 60 बच्चों को नि:शुल्क वोकेशनल कोर्स उपलब्ध कराने हेतु रिलायंस मैनेजमेंट कॉलेज की निदेशक नसीमा नाज को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में वाहिद सलीम, गुंजा वर्मा, विकास कुमार मिश्रा, मो. इश्तियाक तथा एडमिनिस्ट्रेटर इकबाल सलीम को भी उनके सामाजिक एवं शैक्षणिक योगदान के लिए सम्मान प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के अंत में मो. जावेद सलीम ने कहा कि “उम्मीद की पाठशाला” केवल एक अभियान नहीं, बल्कि समाज के वंचित बच्चों के भविष्य को संवारने का एक संकल्प है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में यह पहल लगातार आगे बढ़ती रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *