गया में एक लाख का इनामी नक्सली गिरफ्तार

गया। गया पुलिस ने छापेमारी अभियान चलाकर एक लाख के इनामी माओवादी नक्सली कमलेश रवानी उर्फ कमलेश राम को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार नक्सली जहानाबाद जिले के घोसी गांव का रहने वाला है।
इस संबंध में सीनियर एसपी आशीष भारती ने शनिवार को पत्रकार वार्ता में बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि माओवादी नक्सली खिजरसराय थाना क्षेत्र के जोल बिगहा छुपा हुआ है। सूचना के बाद पुलिस की टीम गठित की गई। एसटीएफ के सहयोग से नक्सली की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की गई। पुलिस जैसे ही वहां पहुंची तो एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने का प्रयास किया, जिसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो पता चला कि गिरफ्तार किया गया नक्सली कमलेश रवानी उर्फ कमलेश राम है, जो जहानाबाद के घोसी गांव का रहने वाला है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार नक्सली के उपर गया, जहानाबाद और नालंदा जिले में संगीन मामले दर्ज है। इसकी गिरफ्तारी से माओवादी संगठन को बड़ा नुकसान हुआ है।